Bihar Weather Today 05 August: बिहार में आज बारिश और वज्रपात, भागलपुर-मुजफ्फरपुर समेत इन 17 जिलों में बरसेंगे बदरा

बिहार के कई जिलों में आज बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने मंगुरे, शिवहर, समस्तीपुर और सहरसा समेत 17 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। इन जिलों में वज्रपात और मेघ गर्जन की भी संभावना है। 

बिहार के अलग-अलग जिलों में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। धान की खेती कर रहे किसानों के चेहरे से चिंता की लकीरें भी कम हुई हैं। हालांकि, अगस्त का महीना आ चुका है फिर भी बिहार के कई हिस्सों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। बुधवार को मौसम विभाग ने 17 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी पूर्वानुमान है।

इन जिलों में बारिश का अनुमान

आज बिहार के अररिया, बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, खगड़िया, मधेपुरा, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, शिवहर, सुपौल और पश्चिम चंपारण जिले में बारिश और मेघ गर्जन का पूर्वानुमान है।

आज से तीन दिन तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले में पांच से सात अगस्त के दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मंगलवार को डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने अगले पांच से नौ अगस्त तक का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि पूर्वानुमानित अवधि में 10 से 15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।

भागलपुर जिले में दर्ज की गई 21.4 एमएम वर्षा

भागलपुर जिले में तेज बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। बीएयू के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा द्वारा जारी आंकड़ों के मुतबिक 21.4 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सापेक्ष आर्द्रता सुबह 6.40 बजे 92 प्रतिशत एवं दोपहर 1.40 बजे 78 प्रतिशत रही। पूर्वा हवा 4.6 किमी/घंटा की रफ्तार से चली। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार तक चमक के साथ आंधी, चलने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान है। यह जानकारी नोडल पदाधिकारी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने दी।

आज भी होगी झमाझम बारिश,मौसमी बीमारी भी बढ़ी

इधर पूर्णिया जिले मौसम में लगातार हो रहे बदलाव से वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है। इस संबंध में मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी है और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

गयाजी जिले में कैसा मौसम

मानसून ट्रफ लाइन के प्रभाव से गयाजी जिले में मंगलवार की सुबह धूप निकली। दोपहर तक धूप छाए रहे। धूप के काराण उसम वाली गर्मी रही। दोपहर बाद बादल छाए गए। शाम में कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। गया जी शहरी क्षेत्र के उत्तरी हिस्से में शाम में हल्की बूंदाबांदी होती रही। सुबह से शाम तक मात्र को मिलीमीटर बारिश हुई। बादल व बारिश से मौसम सुहाना रहा। जून और जुलाई के बाद अगस्त के चार दिन बीत जाने के बाद जिले में सामान्य से करीब 50 फीसदी कम बारिश हुई है।

अधिकतम तापमान लगातार सामान्य से अधिक

मंगलवार को शाम में हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हुआ। उससे पहले सुबह से धूप निकली। 85 फीसदी नमी के बीच धूप निकलने से उमस वाली गर्मी का असर रहा। इस कारण अधिकतम तापमान में कमी नहीं आयी। अगस्त के बीते चार दिनों में एक दिन भी तापमान सामान्य से नीचे नहीं रहा। मंगलवार को भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री 34.4 और 26.6 रहा। नमी सुबह में 85 तो शाम में बारिश होने के कारण 95 फीसदी हो गई। सोमवार को भी अधिकतम 34.4 व न्यनूतम 26.8 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम 34.2 व शनिवार 1 अगस्त को 35.6 डिग्री रहा है। पिछले साल 2025 में 4 अगस्त को अधिकतम 30.4 व न्यूनतम 24.6 डिग्री रहा था।

अभी हल्की बारिश होने का अनुमान

मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन गुजरने के कारण मौसम का मिजाज बदला है। बादल छाए और बारिश हो रही है। बताया कि सोमवार को ट्रफ लाइन पटना से गुजरी। मंगलवार को डाल्टेलगंज के ऊपर से गुजरी रही। इस कारण झारखंड से सटे जिलों में बादल छाए और हल्की बारिश हुई। उन्होंने बताया अगल दो-तीन दिनों में भी जिले में भारी बारिश होने का अनुमान नहीं है। कहीं -कहीं तेज हवा, चमक व गरज के साथ भी वर्षा हो सकती है। कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं।